फोटो15सिढ़पुरा के मोहनपुर रजवहा में उगी झांड़ियां।संवाद
कासगंज। सिढ़पुरा के मोहनपुर रजवाहा की सफाई इन दिनों सिंचाई विभाग करा रहा है। काम में लगे कर्मचारी सफाई की मात्र खानापूर्ति कर रहे हैं, वो सड़क किनारे लगीं झाड़ियों को काटने के बजाए मशीन से मिट्टी डालकर दबा रहे हैं, जिससे पटरियां कमजोर हो रही हैं। पूर्व में यह रजवाहा कई बार कट चुकी है। इससे सरावल सहित आस-पास के कई गांव में क्षति हुई। पहले रजवाहा की सफाई मनरेगा श्रमिक करते थे। वो झाड़ियों की कटाई करके सफाई करते थे। साथ ही पटरियों को समतल भी किया जाता था। लेकिन इस बार जेसीबी व पोकलेन मशीन से रजवाहा की सफाई हो रही है। पटरियों को समतल नहीं किया जा रहा। पटरियों की सही तरीके से मरम्मत नहीं हुई है। झाड़ियां मिट्टी से दबाने से पटरियां ठोस आकार नहीं ले पा रहीं। बारिश के समय में यह पटरियां कटने का अंदेशा ग्रामीणों को है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी श्रेति गर्ग से इस संबंध में शिकायत की तो उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग कार्य करा रहा है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संदीप जैन ने बताया कि रजवाहा की सफाई बेहतर तरीके से कराई जा रही है। यदि ग्रामीणों को शिकायत है तो इसका परीक्षण किया जाएगा।