ग्रेटर नोएडा। सुपरटेक इकोविलेज-1 सोसाइटी से एक महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ युवक अब तक नहीं मिल सका है। परिजन परेशान होकर पुलिस-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सोसाइटी में रहने वाले अजय कुमार दीक्षित 15 अगस्त को पत्नी और बेटी के साथ उत्तराखंड के लैंसडाउन घूमने गए थे। इस दौरान उनका बेटा राघव दीक्षित दादी के साथ घर पर था। इसी बीच राघव का बचपन का दोस्त आदित्य पांडे जो सेक्टर-71 में रहता है, वह घर आया और राघव को साथ लेकर निकल गया। शाम को जब पिता ने बेटे से बात की तो उसने पार्टी में जाने की बात कही। 17 अगस्त को दोस्त आदित्य ने राघव के फोन से कॉल कर पिता को अचानक गुम होने की जानकारी दी। इसके बाद 21 अगस्त को आदित्य ने राघव का फोन और बाइक घर पर जमा करा दिए। तब से युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने बिसरख कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज का कहना है कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। ब्यूरो