कर्ज से परेशान होकर घर छोड़कर गया कारोबारी मिला
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-113 निवासी लापता कारोबारी को पुलिस ढूंढ निकाला है। कारोबारी कर्ज से परेशान घर छोड़कर चला गया था। मामले में कारोबारी की पत्नी ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। सेक्टर-73 स्थित सोसाइटी निवासी महिला ने 17 जनवरी को पति आकाश सिंह के 15 जनवरी से लापता होने के मामले में तीन लोगों पर उन्हें अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में कारोबारी का मोबाइल बंद मिला। बाद में मोबाइल के लोकेशन के आधार पर उन्हें ट्रेस कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आकाश सिंह की बुलंदशहर के सिकंदराबाद में फैक्ट्री है। कारोबार में घाटे की वजह से उन पर करोड़ों का कर्ज हो गया था। इस कारण वह घर से भाग गए थे। वह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से होते हुए शुक्रवार को दिल्ली आए। जहां पुलिस ने उन्हें ढूंढ लिया। ब्यूरो
संदिग्ध हालात में इंजीनियर की मौत
नोएडा। सेक्टर-104 निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक इंजीनियर अनमोल को उसके दोस्त ने सेक्टर-104 स्थित प्रेमा केयर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसने दम तोड़ दिया। प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ब्यूरो
पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या
नोएडा। सेक्टर-31 स्थित निठारी गांव निवासी युवक ने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शिनाख्त रघुनाथ सरकार (40) के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो