कुलेसरा मेनरोड पर वेदप्रकाश और पत्नी रेखा बिरयानी बेचते हैं। शनिवार को दोनों दुकान पर थे। दोपहर के समय दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक ने बिरयानी खाई। बिरयानी के 20 रुपये मांगने पर आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने कहा कि उनके पास नकद नहीं हैं, अगर रुपये चाहिए तो डेबिट कार्ड लेकर एटीएम से निकाल लाओ।
वेदप्रकाश ने कहा कि वह दुकान छोड़कर रुपये निकालने नहीं जा सकता। इस पर आरोपी भड़क गए, आरोपियों ने कॉल कर अपने साथियों को बुला लिया। क्रेटा में सवार होकर चार अन्य आरोपी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने वेदप्रकाश को जमीन पर गिराकर पीटा और गला दबाने की कोशिश की। वेदप्रकाश को उसकी पत्नी रेखा ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा।
आरोपियों के हमले में दंपती घायल हो गए। वहीं, आरोपी उनकी दुकान पर रखे गल्ले में बिरयानी बेचने से एकत्रित हुए रुपये लूटकर ले गए। ईकोटेक-3 थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि दंपती कार का नंबर नहीं बता पा रहे। आसपास के लोगों से पूछताछ कर और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
तमंचे की बट और लात घूसों से किया हमला
पीड़िता रेखा ने बताया कि वह चाप लेकर दुकान पर गई थी। तभी उन्होंने देखा कि आरोपी उनके पति को जमीन पर गिराकर लात घूसों से पीट रहे हैं। एक आरोपी के हाथ में तमंचा और दूसरे के हाथ में चाकू था। रेखा ने जब वेदप्रकाश को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। दोनों पति-पत्नी हमले में घायल हो गए हैं।