नाबालिग ने अपहरण कर शादी की साजिश की नाकाम, संग तीन गिरफ्तार
- भाभी की मदद से ग्रेनो वेस्ट में वरमाला डालने के बाद फेरे के लिए आगरा ले जा रहे थे आरोपी
- सीएनजी पंप से झांसा देकर भागी किशोरी पहुंची पुलिस चौकी, तीन महिलाओं समेत सात पर केस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गुरुग्राम से ग्रेनो वेस्ट लाई गई नाबालिग ने साहस दिखाते हुए अपहरण और शादी की साजिश नाकाम कर दी। आरोपियों ने नाबालिग के गले में जबरन वरमाला डाल अगवा कर आगरा ले जाने की कोशिश की। सीएनजी पंप पर कार के रुकने पर पीड़िता आरोपियों चकमा देकर पुलिस के पास पहुंच गई। पुलिस ने उसकी शिकायत पर सात आरोपियों पर केस दर्ज कर कथित दूल्हे जयदेव, पीड़िता की भाभी बबीता शर्मा और अजय को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली निवासी पीड़िता (17) गुरुग्राम में भाई व भाभी के पास रहती है। बुधवार को भाई की दूसरी पत्नी बबीता शर्मा पीड़िता को झांसा देकर ग्रेनो वेस्ट के चिपियाना गांव में ले आई। यहां बबीता ने दोस्त अजय की मदद से एक घर में आगरा के मोहम्मदपुर गांव निवासी जयदेव (22) से शादी कराने के लिए नाबालिग के गले में वरमाला डलवा दी। आरोपियों ने मंगलसूत्र आदि पहनाकर पीड़िता का श्रृंगार भी कर दिया। जबकि पीड़िता विवाह से इन्कार करती रही।
आरोपी फेरे और शादी की अन्य रस्मों के लिए पीड़िता को जबरन आगरा ले जाने लगे। आरोपियों ने अपनी कार को कच्ची सड़क के पास सीएनजी पंप पर रोका। पीड़िता ने लघुशंका का बहाना बनाया। कार से बाहर निकलते ही पीड़िता शोर मचाती हुई कुछ दूर स्थित कुलेसरा चौकी पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन कर जयदेव, बबीता और अजय को गिरफ्तार कर लिया। ईकोटेक-3 थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में चांदनी, सलोनी, पवन ठाकुर और पवन के एक परिचित को भी नामजद कराया गया है।
बिन मां-बाप की बेटी का सौदा करने की आशंका
पुलिस के मुताबिक पीड़िता के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। परिजनों की मृत्यु के बाद पीड़िता अपने भाई के पास गुरुग्राम में रहने लगी थी। बबीता पीड़िता के भाई की दूसरी पत्नी है। विवाह के दौरान भाई व अन्य रिश्तेदार मौजूद नहीं थे। इसे देखते हुए पुलिस पीड़िता का सौदा करने की आशंका जता रही है। डीसीपी सुनीति का कहना है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया गया। पीड़िता के भाई को भी बयान के लिए बुलाया गया है।