फंदे पर लटकने से गई थी नाबालिग की जान, आरोपी गिरफ्तार
- परिजन के रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान किशोरी के खुदकुशी का मामला
- सीडीआर में आरोपी के मोबाइल पर तीन बार बात करने की हुई पुष्टि
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/जेवर। जहांगीपुर निवासी परिजन के जेवर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान 14 साल की किशोरी ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। बोर्ड ने किशोरी के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में भी उसकी फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि की है। इसके अलावा आरोपी की सीडीआर की जांच में भी उसके मोबाइल पर किशोरी के घर से कॉल आने व तीन बार बात करने की जानकारी मिली है। पुलिस ने नामजद किए गए आरोपी बादल को गिरफ्तार कर लिया है।
जहांगीरपुर निवासी परिजन बृहस्पतिवार को जेवर कोतवाली में पहुंचे थे। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 14 साल की बेटी को पड़ोस में रहने वाला बादल काफी दिन से परेशान कर रहा है। आरोपी पीड़िता को रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था। परिजन का आरोप है कि इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपी का हौसला बढ़ गया। आरोप है कि बादल बुधवार आधी रात को किशोरी के घर पहुंचा और उससे मोबाइल नंबर मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने छेड़छाड़ की। पीड़िता की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गया। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने बृहस्पतिवार को पीड़िता के पिता व भाई जेवर कोतवाली पहुंचे थे। वे रिपोर्ट दर्ज करा रहे थे, तभी पीड़िता किशोरी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन ने छेड़छाड़ से तंग आकर बेटी के खुदकुशी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। एडीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।