कानपुर। जलकल विभाग बर्रा विश्वबैंक में मिनी नलकूप लगवाएगा। नगर निगम सदन की आठ अक्तूबर को संपन्न हुई बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पास किया गया। इससे 15000 लोगों को पानी किल्लत से राहत मिलेगी। बर्रा विश्वबैंक वार्ड की पार्षद रेनू अर्पित यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के दौरान मुख्य पाइपलाइन तोड़ दी थी। बाद में टूटी लाइन जोड़ी गई पर तब से क्षेत्र में पानी की किल्लत हो रही है। इसके मद्देनजर उन्होंने आठ अक्तूबर को नगर निगम सदन में महापौर को प्रस्ताव देकर बर्रा विश्वबैंक कालोनी एच-1 ब्लाक में मिनी ट्यूबवेल लगाने का प्रस्ताव दिया था जिसे महापौर ने स्वीकृत कर दिया। निर्माण की अनुमानित लागत 25 लाख रुपये है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके त्रिपाठी ने बताया कि सदन की बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट जारी होने के बाद इस कार्य के लिए टेंडर कराए जाएंगे। ब्यूरो