मेवात मॉडल स्कूलों के शिक्षा विभाग में समायोजन की मांग
नूंह। मेवात मॉडल स्कूल्स एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के जिला प्रधान सतीश खटाना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के तीन दिवसीय कार्यक्रम में भाग लिया। 15वें राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन जिले के काफी संख्या में कर्मचारियों ने भी भाग लिया। इस मंच के माध्यम से एसोसिएशन के सतीश व महासचिव निसार अहमद ने मेवात मॉडल स्कूलों के शिक्षा विभाग में समायोजन के मुद्दे को उठाया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के हितों को देखते हुए एसोसिएशन की मुख्य मांगों को मान लिया था। लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान जिला प्रधान सतीश खटाना ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इन आठों मेवात मॉडल स्कूलों का शिक्षा विभाग में समायोजन का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया तो जल्द ही बड़ा आंदोलन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले किया जायगा। इस अवसर पर सुशील कुमार, विजेंद्र सिंह, हरीश डागर और एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।