नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले में होमगार्ड स्वयंसेवकों के पदों पर चयन प्रक्रिया के तहत अंतिम रूप से चयनित 421 अभ्यर्थियों के चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) की तैयारी पूरी कर ली गई है। सीएमओ ने इसके लिए 5 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया है। यह मेडिकल परीक्षण 14 अक्तूबर यानी आज से शुरू होकर 22 अक्तूबर तक चलेगा। जिला कमांडेंट, होमगार्ड गौतमबुद्धनगर के पत्र के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा यह आदेश जारी किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण पुलिस लाइन, सूरजपुर में आयोजित किया जाएगा। सीएमओ ने मेडिकल बोर्ड के सभी अधिकारियों को आज सुबह 9 बजे रिजर्व पुलिस लाइन, सूरजपुर में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।