मेडिकल स्टोर पर छापा, 20 हजार की दवाएं जब्त
- औषधि प्रशासन की टीम ने हरौला में की कार्रवाई, औषधि लाइसेंस और बिक्री से संबंधित बिल नहीं मिले
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिला औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को सेक्टर-5 हरौला स्थित टेस्टटिड फार्मेसी नामक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मेडिकल स्टोर संचालक के पास औषधि लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही, जांच टीम के मांगने पर दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल भी नहीं दिखा सका। टीम ने दो दवाओं के नमूने संग्रहित कर करीब 20 हजार रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की हैं। मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया गया है।
जिला औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मानकों के अनुरूप दवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता की जांच के लिए टीम कार्रवाई कर रही है। सूचना मिलने पर हरौला में टेस्टटिड नाम मेडिकल स्टोर पर जांच टीम पहुंची। स्टोर चलाने वाले अलीगढ़ निवासी प्रीतम सिंह से लाइसेंस मांगा गया जो मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं के बिल भी नहीं दिखाए गए। जांच के दौरान दो दवाएं संदिग्ध मिलीं, जिनके नमूने लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 18/27 के अंतर्गत कार्रवाई करेगी। मौके पर ही मेडिकल से तकरीबन 20 हजार मूल्य की दवाएं जब्त कर ली गईं। मेडिकल स्टोर पर दवा खरीद के स्रोत की भी पूछताछ की जा रही है। जांच में कुछ अन्य मेडिकल स्टोर के नाम सामने आए हैं।