ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के दो रोल बॉल खिलाड़ियों विराज शर्मा और सारण्या आर्या को शिमला स्थित गवर्नमेंट आईटीआई कॉलेज में आयोजित तीसरी सब जूनियर राष्ट्रीय नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों को यह सम्मान मंगलवार को स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य मीता भंडुला, स्पोर्ट्स एचओडी नीरज सिंह व कोच धर्मेंद्र की तरफ से दिया गया।दोनों जेपी पब्लिक स्कूल की नोएडा-ग्रेटर नोएडा ब्रांच के विद्यार्थी हैं। सारण्या आर्या ने इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ओर से अंडर-14 बालिका वर्ग और विराज शर्मा ने अंडर-14 बालक वर्ग में यूपी की तरफ से खेलते हुए रजत पदक जीता। विराज टीम में गोलकीपर की भूमिका में रहे। प्रतियोगिता में हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों की टीमों ने भाग लिया।