15 हजार करोड़ के फर्जीवाड़े मामले में हिसार का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
आरोपी गिरोह के लिए हरियाणा के अन्य इलाके में करता था काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। 15 हजार करोड़ रुपये के फर्जीवाड़ा मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हिसार में बैठकर हरियाणा से अन्य इलाके लिए काम करता था। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस अब तक इस मामले में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। तीन दिन पहले ही इस गिरोह के मास्टरमाइंड के बेटे व बेटी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम अब भी कई राज्यों में जांच कर रही है और दबिश दे रही है।
फर्जी तरीके से कंपनियों का रजिस्ट्रेशन कराकर 15 हजार करोड़ रुपये के जालसाजी मामले में नोएडा पुलिस ने मंगलवार को हिसार निवासी नंदू उर्फ नंदकिशोर को गिरफ्तार किया है। नंदू जालसाज गिरोह के हिसार फ्रेंचाइजी का मास्टरमाइंड था। यह इस गिरोह के लिए दिल्ली के अलावा हरियाणा के इलाके को देखता था और फर्जी कंपनियां तैयार कर सरकार को ठगता था। इससे पहले पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड दीपक मुर्जानी के बेटे जतिन और बेटी डोल्सी को बुधवार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी फर्जी कागजातों के आधार पर फर्जी कंपनी बनाता था और पैसों के लेन देन से लेकर उसे रखने का काम इसके जिम्मे था।