राष्ट्रीय स्तर का एथलीट था अनुज
अनुज ने वीडियो की शुरूआत में अपनी बहन को जलाकर मारने और चाचा की हार्ट अटैक से मौत का जिक्र करते हुए कहा है कि उसने अपने जीवन में काफी परेशानी झेली हैं। वह राष्ट्रीय स्तर का एथलीट था। वह एक अच्छा इंसान था। किसी को परेशान नहीं करना चाहता था। स्नेहा से उसकी अच्छी दोस्ती थी। स्नेहा ने उससे छिपाकर मैस के एक कर्मचारी से दोस्ती की। मैस कर्मचारी छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा था। अनुज का कहना है कि उसने उस दौरान भी स्नेहा की मदद की। इसके बाद अनुज की दोस्त फिर से कर्मचारी के संपर्क में आ गई। कुछ दिन बाद वह चाचा की मृत्यु होने पर घर गया। वापस लौटने पर उसे पता चला कि विवि में आने वाले एक वीडियो ग्राफर से स्नेहा ने दोस्ती कर ली है। अनुज ने स्नेहा को तब भी समझाया। अनुज ने अंत में कहा है कि इंसान तब टूटता है, जब कोई अपना उससे झूठ बोलता है, धोखा देता है। मैं स्नेहा के माता-पिता के भी हाथ जोड़ता हूं। मैं अपने माता-पिता से भी माफी मांगता हूं।
एक बार लड़की शिकायत दे दे...सबूत देते थक जाओगे
अनुज ने वीडियो में कहा है कि स्नेहा ने उसकी शिकायत दे दी थीं। स्नेहा ने वार्डेन को भी शिकायत दी थी। उसने कहा है कि एक बार लड़की शिकायत दे दे और रोकर दिखा दे तो तुम सबूत देते-देते थक जाओगे। मैंने सबूत दिए पूरी सच्चाई बताई लेकिन किसी ने नहीं सुना। अनुज की बात से इस बात को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जब छात्रा ने अनुज के खिलाफ शिकायत की, अनुज ने भी अपनी सफाई दी। तब विवि की कमेटी इस संबंध में पुलिस को सूचना देने या कोई अन्य ठोस कदम क्यों नहीं उठा पाई।
वीडियो का ईमेल मिलने पर शुरू हुई थी अनुज की तलाश
बताया गया है कि अनुज ने हत्या व सुसाइड से पहले बनाया गया वीडियो विवि प्रबंधन को भी ईमेल किया था या फिर साथियों के जानकारी देने के बाद अनुज की तलाश शुरू हुई थी। अनुज हॉस्टल में जिस कमरे में रहता था। उस कमरे के बजाय अनुज का शव दूसरे कमरे में मिला था। अनुज ने वीडियो कब और कहां बनाया अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ब्रेन कैंसर की अभी नहीं हुई पुष्टि
अनुज ने परिजन को ब्रेन कैंसर के बारे में नहीं बताया था। छात्र ने वीडियो में कहा है कि परिजन को इससे आघात पहुंचता। छात्र का पोस्टमार्टम कराया गया है। एडीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कैंसर की पुष्टि नहीं होगी। पुरानी मेडिकल जांच मिलने पर ही इसका पता लगेगा, लेकिन अभी तक ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है, अगर छात्रा के परिजन कोई शिकायत देंगे तो केस दर्ज किया जाएगा।
इन सवालों के जवाब बाकी...
अनुज ने अवैध पिस्टल कहां से खरीदी और विवि में चेकिंग क्यों नहीं हुई?
छात्रा की शिकायत के बाद विवि ने पुलिस और परिजन को सूचना क्यों नहीं दी?
छात्र को ब्रेन कैंसर का पता कैसे चला, उसने कहा जांच कराई थी?
छात्रा ने विवि प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन उसका निस्तारण क्यों नहीं किया?
क्या विवि हास्टल में कोई भी कुछ भी अवैधानिक वस्तु ले जा सकता है?