गौतमबुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर करीब 14 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत 14 में से 6 से 7 के करीब अज्ञात शव मिले हैं। आशंका है कि भीषण गर्मी की वजह से इन की मौत हुई है।
थाना सेक्टर 142, एक्सप्रेस वे थाना, थाना सेक्टर 24, थाना सेक्टर 58, कोतवाली 39, फेज 2 थाना, कोतवाली सेक्टर 126, फेज 1 थाना पुलिस को शव मिला है। सभी मामलों की पुलिस जांच कर रही है। मौत का सही कारण जानने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
कुछ लोग गर्मी के चलते मौत होना मान रहे हैं। लेकिन इसकी अभी तक पुष्टि नहीं की जा सकी है। 24 घंटे में 14 के करीब शव जिला अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि पीएम रिपोर्ट के बाद मौतों का सही कारण स्पष्ट होगा।
- रेणु अग्रवाल सीएमएस जिला अस्पताल
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सेक्टर-125 स्थित निजी विश्वविद्यालय के गेट नंबर पांच के पास कूड़ा बीनने वाले युवक का शव मिला। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। सेक्टर एक स्थित टकसाल के पास शाम को करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। आसपास के लोगों ने बुजुर्ग की भीषण गर्मी के कारण मौत होने की आशंका जताई।
घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। बुजुर्ग की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर-57 में ग्रीन बेल्ट के पार्क के पास में दो लोगों के शव मिले। दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। दोनों चादर बिछाकर लेटे हुए थे। बाद में मृत मिले। वहीं, सोमवार को सेक्टर-61 के गेट नंबर पांच के पास एक अज्ञात व्यक्ति बेहोश मिला था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में नंगली गांव निवासी ब्रह्मानंद (51) को तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ब्रह्मानंद सिक्योरिटी का कार्य करता था। उसके परिजनों को सूचना दी गई है।
इधर, सीएचसी भंगेल में मजदूरी का काम करने वाले 45 वर्षीय श्यामलाल को तबीयत खराब होने के बाद भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इधर, रबूपुरा में भी दो लोगों ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने लू लगने से मौत की आशंका जताई है।