बिलासपुर (संवाद) । ध्रुव क्रिकेट ग्राउंड तालडा पर होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला गया। मुकाबले में मनीष टाइगर्स जुनेदपुर ने मोहित लायंस रोशनपुर को 75 रनों से हराकर खिताब जीत लिया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये की नगद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ क्रिकेटर आशीष डागर मौजूद रहे। आयोजन समिति के सदस्य राजू नागर, मनोज मास्टर व मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि मनीष टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहित लायंस की टीम 13 ओवर में 103 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगाने वाले रविंद्र को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।