नोएडा (संवाद)। सेक्टर-50 स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को मंगल कलश स्थापना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मंदिर में चल रहे 39वें भव्य चतुर्मास महोत्सव के तहत सुबह आठ बजे से शुरू होगा। वहीं, समारोह का आयोजन रॉयल बैंक्वेट हॉल, सेक्टर 51 में किया जाएगा। कार्यक्रम में ध्वजारोहन, मंच उद्घाटन, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण, महाआरती और मंगल कलश स्थापना सहित कई धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। मंदिर के उपाध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया कि आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और विधायक पंकज सिंह भी शामिल होंगे।