बिसरख कोतवाली में दर्ज की गई एफआईआर में रोजा जलालपुर गांव के संदीप ने कहा है कि उसने 24 सितंबर 2022 को अमेजन डॉट इन से ऑनलाइन 14999 रुपये में मोबाइल ऑर्डर किया था। इसका भुगतान उन्होंने क्रेडिट कार्ड से किया था।
कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय मोबाइल की डिलीवरी पार्सल लेकर उनके पास पहुंचा। उन्होंने पार्सल खोलते समय इसकी वीडियो बनाई। पार्सल में मोबाइल की जगह एलईडी लाइट निकली। इसकी शिकायत संदीप ने कंपनी के कस्टमर केयर और ईमेल से कंपनी से की, उसे मोबाइल भेजने का आश्वासन दिया गया। लेकिन काफी दिन तक मोबाइल नहीं मिला।
इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन पुलिस ने भी कार्रवाई नहीं की। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत का कहना है कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर अमेजन डॉट इन और सेवेक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लि. मैसर्स नाहर लॉजिस्टिक्स पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।