नई दिल्ली। संसद भवन के नजदीक ट्रांसपोर्ट भवन के सामने बृहस्पतिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरा व्यक्ति इधर-उधर भागता रहा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और आरएमएल अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। 50 फीसदी तक जलने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। व्यक्ति की पहचान प्रेम नगर निवासी राजकुमार(48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार मौके पर नारे लगा रहा था। वह कह रहा था कि देश को बचाना है। संसद मार्ग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त प्रवण तायल ने बताया कि राजकुमार के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उसके बाद ही पता लगेगा कि राजकुमार क्या करता था और उसने खुदकुशी की कोशिश क्यों की। ब्यूरो