बरनाहल। गांव केशोपुर में बृहस्पतिवार रात कटी केबल की चपेट में आकर 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची, मगर परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र कुमार खाना खाने के बाद रात को चारपाई पर सो गए थे। देर रात शौच के लिए उठे, तभी बिजली की कटी केबल में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए। जानकारी होने के बाद अचेत अवस्था में शैलेंद्र को उपचार के लिए फिरोजाबाद ले जा रहे थे। तभी रास्ते में दम तोड़ दिया। इसेक बाद परिजन शव को लेकर गांव आ गए। शुक्रवार को जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस ने गांव पहुंच कर जानकारी ली। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। शैलेंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। असमय मौत के बाद पत्नी व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।