बाथरूम में नहाते समय युवती का वीडियो बनाया
- होटल के कर्मचारियों पर आरोप, केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक होटल के बाथरूम में नहाते समय युवती का वीडियो बनाने का आरोप लगा है। होटल के कर्मचारियों पर खिड़की से झांककर मोबाइल से वीडियो बनाने का आरोप है। युवती का कहना है कि उसने खुद कर्मचारियों को वीडियो बनाते हुए देखा है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने होटल स्टॉफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक युवती नॉलेज पार्क स्थित एक होटल में रुकी हुई है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह होटल के कमरे में बने बाथरूम में नहा रही थी। आरोप है कि इस दौरान खिड़की से झांककर होटल के स्टॉफ ने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाते हुए एक कर्मचारी को युवती ने देख लिया। युवती ने पहले इसकी शिकायत होटल के मैनेजर से की, लेकिन होटल के मैनेजर ने मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया। युवती ने पुलिस से शिकायत करने के लिए कहा तो कर्मचारी को बुलाकर माफी मंगवाने लगे। युवती का आरोप है कि कर्मचारियों के मोबाइल में उनका वीडियो है।
युवती के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। नॉलेज पार्क पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर होटल स्टॉफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।