ग्रेटर नोएडा। परी चौक पुलिस चौकी में ओयो होटल में पकड़े गए एक प्रेमी युगल व संचालक को छोड़ने के बदले 70 हजार रुपये वसूलने के आरोप का मामला सामने आया है। चौकी में पुलिसकर्मियों के रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच एसीपी प्रवीण कुमार सिंह को सौंप दी गई है।
बीटा-2 थाना क्षेत्र में ओयो होटल के संचालक ने बताया कि मास्क लगाकर आया प्रेमी युगल खुद को भाई-बहन बताकर होटल में रुका था। उन्होंने पहचान पत्र दिखाया था। साथ ही, परीक्षा देने के लिए ग्रेनो आने की बात कही थी। बुधवार को होटल में एक पुलिसकर्मी आया और उसे युवक-युवती के रुकने की जानकारी हो गई। इस पर वह अन्य साथियों को लेकर वहां पहुंच गया। फिर होटल संचालक व युवक-युवती को लेकर परी चौक पुलिस चौकी पर आ गया। यहां परिजनों को भी बुलाया गया और बिना कार्रवाई के छोड़ने की एवज में रुपये मांगे गए। युवक-युवती के परिजनों से दस-दस हजार रुपये और संचालक से 50 हजार रुपये वसूले गए, लेकिन रुपये वसूलने को वीडियो बना लिया गया।
मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने और आरोप सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। - विशाल पांडे, एडिशनल डीसीपी