मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक में मस्जिद से तेज आवाज में लाउडस्पीकर बचाने पर मस्जिद के मोअज्जिन पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुलिस कर्मियों के बार बार समझाने के बाद भी मोअज्जिन ने लाउडस्पीकर की आवाज धीमी नहीं की। सिविल लाइंस थाने में कैंप चौकी प्रभारी मदन कुमार ने केस दर्ज कराया जिसमें उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम वह फोर्स के साथ चक्कर की मिलक में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मस्जिद में निर्धारित मानक से अधिक आवाज में अजान हो रही थी। इससे पहले भी मस्जिद के मोअज्जिन को कोर्ट के आदेशों से अवगत कराया गया था लेकिन उन्होंने लाउडस्पीकर की आवाज कम नहीं की। मोअज्जिन साजिद ने तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाकर लोगों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यावरण को हानि पहुंचाने का काम किया है। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि मोअज्जिन साजिद के खिलाफ लोक शांति भंग करने और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।