ग्रेटर नोएडा (संवाद)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को दादरी क्षेत्र के कलदा गांव स्थित लोटस कॉन्वेंट स्कूल में खो-खो लीग आयोजित हुई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की 16 टीमें शामिल हुईं। पुरुष वर्ग में लोटस कॉन्वेंट स्कूल, कलदा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शैफाली पब्लिक स्कूल, रेलवे रोड की टीम दूसरे और रामाज्ञा पब्लिक स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं महिला वर्ग में रामाज्ञा पब्लिक स्कूल की टीम ने अव्वल रही। लोटस कॉन्वेंट स्कूल, कलदा की टीम दूसरे और शैफाली पब्लिक स्कूल, रेलवे रोड की टीम तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर आयोजक सन्नी कुमार, प्रधानाचार्य अनमोल चौधरी, आशीष नागर, विकास भाटी, डॉ. सोनू नागर, भूषण, कुलदीप भाटी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।