जहांगीरपुर (संवाद)।
कस्बे में शनिवार शाम श्री मंदिर डोला कमेटी के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का डोला धूमधाम व भक्तिमय माहौल में निकाला गया। डोले का शुभारंभ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द बढ़ता है। डोला श्री मंदिर से शुरू होकर सुनारान, मेन बाजार, कचहरीयान, बस स्टैंड व स्वामी पाड़ा होते हुए प्राचीन शिव मंदिर पर संपन्न हुआ। डोले में शामिल हनुमान अखाड़े के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। वहीं, आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया गया। इस दौरान नवीन कुमार, नीरज शर्मा, धारा सिंह, तेजपाल सिंह, सुरेश गर्ग, तनुज भारद्वाज, अंशुल मंगला समेत काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।