टांग में गोली लगने के बाद कारोबारी जख्मी, राहगीरों ने नहीं की कोई मदद
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सोमवार देर रात लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी शेर सिंह (35) के पैर में गोली मार दी। कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बदमाशों ने पीड़ित से दो लाख रुपये और बैग में मौजूद दो मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वहीं, वारदात को समय राहगीर तमाशबीन रहे। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
शेर सिंह परिवार के साथ जी-ब्लॉक, शास्त्री नगर में रहते हैं। मुख्य सड़क पर उनकी मनी ट्रांसफर की दुकान है। सोमवार देर रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और पिस्टल निकालकर शेर सिंह को धमकाना शुरू कर दिया। एक बदमाश ने बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने गोली चला दी। गोली शेर सिंह के पैर में लगी। पुलिस को शेर सिंह ने बताया कि बैग में दो लाख रुपयों के अलावा, दो मोबाइल व कागजात व अन्य सामान मौजूद था।