तावडू। गोगजाका गांव में ममेरे भाई द्वारा युवक को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित साजिद निवासी वार्ड नंबर 21 ने बताया कि 11 सितंबर को उसके ममेरे भाई अहमद ने उसे फोन कर मिलने के लिए गोगजाका गांव बुलाया। इसके बाद वह एक अन्य साथी के साथ गाड़ी से उससे मिलने पहुंचा। आरोप है कि जब वह अपने साथी के साथ वहां पहुंचा तो अहमद नशे में था। इस दौरान उसने रहाडी गांव से कुछ रुपये लाने की बात कही। इसके बाद वह अपने साथी को गोगजाका में छोड़कर रहाडी की ओर चला गया। जब वह बीच रास्ते में पहुंचे तो अहमद ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद वह सोने की चेन और मोबाइल छीनकर फरार हो गया। इसके बाद वह पीपाका गांव पहुंचा जहां उसने परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया। उपचार के लिए उसे सोहना के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे बादशाहपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी अहमद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।