दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने जीटी रोड स्थित सहारा कॉलोनी के गेट के पास खाली प्लॉट से भारी मात्रा में अवैध पटाखे और देशी शराब बरामद की है। मामले में खेड़ा धर्मपुरा गांव निवासी नरेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि एक अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खाली प्लॉट में चार प्लास्टिक के कट्टों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नरेश को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर चार कट्टों से पटाखे और 25 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। पटाखों के संबंध में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।