ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में लिफ्ट में फंसने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोसाइटी में शुक्रवार सुबह कूड़ा लेकर नीचे जा रही एक घरेलू सहायिका लिफ्ट में फंस गई। लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर अचानक अटक गई और महिला करीब 20 मिनट तक फंसी रही। काफी मशक्कत के बाद मेंटेनेंस कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला। घटना के दौरान महिला घबरा गई और उसकी हालत बिगड़ गई। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने सोसाइटी की लिफ्ट सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोसाइटी निवासी दिनकर पांडे ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में करीब 25 से अधिक लोग फंस चुके हैं। उन्होंने बताया कि ई टॉवर में शुक्रवार सुबह घरेलू सहायिका कूड़ा लेकर लिफ्ट से नीचे जा रही थी। इसी दौरान लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर रुक गई। महिला ने लिफ्ट में लगे सुरक्षा उपकरणों के जरिए मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन उसे तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों ने मेंटेनेंस प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर महिला को बाहर निकाला। ब्यूरो