कंपनी कर्मचारी पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-1 एक्सटेंशन क्षेत्र में कंपनी कर्मचारी पर जानलेवा हमला और कार में तोड़फोड़ करने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। हरियाणा के सोनीपत निवासी जितेंद्र कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम ईकोटेक-1 एक्सटेंशन स्थित कंपनी से ड्यूटी कर घर जाने के लिए निकले थे। उनकी कार कंपनी के गेट के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान परवेज, हिमांशु निवासी रामपुर और उनके दो अन्य साथियों ने हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़ दिए, हॉकी और लोहे की रॉड से मारपीट की। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों द्वारा छोड़ी गई बाइक सिरसा चौकी ले गई। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो