सलाह, आपा खोने के बजाय शिक्षा पर विशेष ध्यान दे सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि शिक्षा मॉडल पर उपराज्यपाल के आइना दिखाने पर आप नेता बौखलाहट में हैं। वे अपनी मर्यादाएं भूल गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में उपराज्यपाल के प्रति असम्मानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद अब सांसद संजय सिंह भी शालीनता भूल गए। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि विधानसभा सत्र बुलाकर शिक्षा मॉडल पर चर्चा करा ले। शर्त यह है कि उसमें विपक्ष को भी बोलने का अवसर दे। उन्होंने सरकार को सलाह दी है कि आपा खोने के बजाय शिक्षा पर ध्यान दे।
बिधूड़ी ने कहा कि आप नेताओं की इस भाषा से दिल्ली की जनता आहत है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विधानसभा में उठाए गए सवालों का जवाब दे दिया है, दिल्ली के शिक्षा मॉडल की असलियत जनता के सामने रख दी है। दिल्ली में 2012-13 में सरकारी स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति 70 फीसदी से ज्यादा थी जो अब घटकर 60 फीसदी रह गई है।
बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री को दिया सुझाव
शिक्षकों को फिनलैंड में ट्रेनिंग के मामले में बिधूड़ी ने सुझाव दिया कि अगर ट्रेनिंग इतनी ही जरूरी है तो हजारों शिक्षकों को फिनलैंड भेजने के बजाय वहां से एक्सपर्ट्स को दिल्ली बुलाकर हजारों शिक्षकों को एक साथ ट्रेनिंग क्यों नहीं करा दी जाती। दिल्ली सरकार इस मामले पर केवल टकराव के लिए मुद्दा बना रही है।