सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई मामले में मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल पर लगाए गंभीर आरोप
कहा- शहरी विकास विभाग के सचिव पर दबाव डालकर तुषार को अपना व दिल्ली सरकार दोनों का वकील बनवाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर मेयर चुनाव के संबंध में हुई सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के मामले में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शनिवार को कहा कि एलजी ने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली सरकार को पक्ष रखने से जबरन रोका। शहरी विकास विभाग के सचिव पर दबाव डालकर दिल्ली सरकार के मंत्री की तरफ से प्रस्तावित वकील गौतम नारायण को खारिज कराकर तुषार मेहता को ही दिल्ली सरकार का भी वकील बनवाया। तुषार सुप्रीम कोर्ट में एलजी के भी वकील थे। इस तरह विनय सक्सेना ने साजिश के तहत तुषार को ही दिल्ली सरकार और एलजी दोनों का वकील बनवा दिया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट में दोनों अलग-अलग पार्टी थे।
केजरीवाल ने संबंधित दस्तावेज पेश करते हुए यह खुलासा किया। केजरीवाल ने इस पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे न्यायिक प्रशासन में हस्तक्षेप और अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि यह तो फिल्मों में होता था कि कोई खलनायक किसी को कोर्ट में अपना पक्ष रखने से रोक देता था। वही काम दिल्ली में एलजी ने किया है, क्योंकि एलजी को पता था कि उन्होंने गैरकानूनी काम किया है, अगर सुप्रीम कोर्ट में पोल खुल जाती तो वे मुंह दिखाने के लायक नहीं रहते। कोर्ट में दो पार्टियां थीं। यूडी सेक्रेटरी को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने निर्देशित दिया था कि दिल्ली सरकार का वकील गौतम नारायण को नियुक्त किया जाए, लेकिन ऐन वक्त पर एलजी ने गौतम की जगह अपने वकील तुषार को ही नियुक्त करवा दिया। दिल्ली सरकार के अफसर के पास एलजी का आदेश मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उसने दिल्ली सरकार का वकालतनामा भी तुषार के पक्ष में दे दिया। जाहिर तौर पर अफसर के ऊपर बंदूक रखकर, सस्पेंड, ट्रांसफर व कॅरिअर बर्बाद करने की धमकी देकर जबरदस्ती वकालतनामा दिलवाया गया। एलजी व भाजपा वाले असंवैधानिक तरीके से भाजपा का मेयर बनाना चाहते थे, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने नाकाम कर दिया है। यह आप और दिल्लीवालों की बड़ी जीत है। एलजी से अपील की है कि वे दिल्ली में चुनी हुई सरकार के कामों में दखलंदाजी नहीं करें।
जल्द जनादेश के अनुसार मेयर मिलेगा
मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लेकर शनिवार को कैंप कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान केजरीवाल ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की बहुत बड़ी जीत है। भाजपा के लोग एमसीडी में हारने के बावजूद गलत तरीके से मेयर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उस साजिश को नाकाम कर दिया है। उम्मीद है जल्द ही दिल्ली वालों को उनके जनादेश के अनुसार मेयर मिलेगा।