छह स्कूलों में पांच से भी कम नामांकन, नोटिस
- फेल हो रहा स्कूल चलो अभियान, मांगा जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिले के छह स्कूलों में नए सत्र के लिए अब तक 5-5 से भी कम छात्रों के नामांकन आए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से इन स्कूलाें को नोटिस भेजे गए हैं। एक सप्ताह में इसका जवाब मांगा है।
जिले के दादरी, जेवर, दनकौर और बिसरख ब्लॉक स्थित विद्यालयों में कक्षा 1 से 9 तक के विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर को है। हालांकि यहां छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान फेल साबित हो रहा है। नए सत्र में 120 दिन से अधिक होने के बाद यहां मिल्क खंडेरा, रोशनगढ़ी, दयानगर, बूढ़ा घरबरा, पौवारी, मढ़ैया जुनैदपुर के परिषदीय विद्यालयों में 5-5 छात्रों से कम नामांकन आए हैं। इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से इस पर जवाब मांगा गया है। मामले में बेसिक शिक्षाधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि कम नामांकन पर स्कूलों को नोटिस जारी किया है। नामांकन का लक्ष्य न पूरा करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई होगी।