लीजेंड सुपरस्टार ने जीता लीजेंड डायमंड कप का फाइनल
बिलासपुर (संवाद)। दनकौर स्थित क्रिकेट मैदान पर आयोजित लीजेंड डायमंड कप का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया, जिसमें लीजेंड सुपरस्टार की टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी करने उतरी लीजेंड सुपरस्टार के सामने लीजेंड डोमिनेटर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 215 रन का लक्ष्य रखा। टीम की ओर से आशीष डागर ने 57 गेंदों में 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लीजेंड सुपरस्टार ने 19वें ओवर में 4 विकेट खोकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से प्रमोद मास्टर ने 25 गेंदों में 64 रन और अमित नागर ने 44 गेंदों में 70 रन की अहम पारी खेली। दिनेश नागर, रविन्द्र अधाना, मास्टर मनोज नागर, कमल नागर, सरताज सैफी, सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।