सामान्य शिकायतों का समाधान 10 मिनट और बड़े मामलों का एक दिन में करने का समय निर्धारित
नोएडा। दिवाली पर पूरी बिजली आपूर्ति देने के लिए विद्युत निगम ने कमर कस ली है। लाइनों की मरम्मत के साथ ट्रांसफार्मरों की जांच कराई जा रही है। बिजली से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए लाइनमैनों और अभियंताओं की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार पटेल ने बताया कि धनतेरस से लेकर भैया दूज तक उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। सामान्य शिकायतों का समाधान 10 मिनट के भीतर करने का प्रयास होगा जबकि बड़े मामलों को ठीक करने के लिए अधिकतम एक दिन का समय निर्धारित किया गया है। बिजली कटौती या आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराने के लिए उपभोक्ता निगम के कंट्रोल रूम का सहारा ले सकते हैं। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 के अलावा स्थानीय कंट्रोल रूम के नंबर 0120-2970431 और 9193301659 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ब्यूरो