लीजबैक प्रकरणों को एसआईटी अध्यक्ष और शासन को भेजा, धरना स्थगित
- किसानों ने अधिकारियों से बातचीत के बाद किया एलान, भेजा पत्र
- 197 मामलों में अन्याय करने का लगाया था आरोप, अब 447 मामले की सूची भेजी गई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। लीजबैक के प्रकरणों को निरस्त करने के विरोध में चल रहा किसान संघर्ष समिति का धरना शुक्रवार को अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद स्थगित हो गया। किसानों ने कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ तो आंदोलन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं ग्रेनो प्राधिकरण ने मामले में शासन और विशेष जांच दल (एसआईटी) अध्यक्ष को पत्र भेजा है। विशेष जांच दल के अध्यक्ष और यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह किसानों के प्रत्येक प्रकरण को एक-एक कर अपने कार्यालय में सुनेंगे।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में किसानों की आबादियों को अधिग्रहण कर लिया गया था और इसके विरोध में किसान आंदोलन कर रहे थे। अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए लीजबैक करने का नीतिगत फैसला लिया। मगर इस मामले में गड़बड़ी की बात सामने आई। जिसकी जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। यीडा सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह को एसआईटी अध्यक्ष बनाया गया। इसमें डेढ़ हजार से अधिक मामलों में 533 प्रकरणों को लौटा दिया गया। मामले में उन्हें निरस्त करने का आदेश दिया।
आदेश के बाद किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया। कई दौर की वार्ता के बाद शुक्रवार को आखिकर एसआईटी अध्यक्ष, डीएम मनीष कुमार और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ अमनदीप डुली के साथ वार्ता हुई। इसमें किसानों के लीजबैक के विवादित प्रकरणों को शासन और एसआईटी अध्यक्ष को भेज दिया गया। एसआईटी फिर से मामले की जांच करेगी।
किसान नेता मनवीर भाटी ने बताया कि अधिकारियों ने एसआईटी और शासन दोनों को पत्र भेज दिए हैं। बृहस्पतिवार से मामले की सुनवाई हाेगी। पहले दिन ऐच्छर व मलकपुर गांव के किसानों को यीडा कार्यालय में एसआईटी अध्यक्ष ने बैठक के लिए बुलाया है। इसमें किसानों को अपने सााक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने बताया कि मांगे पूरी होने पर धरना स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को प्राधिकरण स्तर से होने मांगों को लेकर सीईओ ग्रेनो के साथ वार्ता होगी।
कोट
किसानों के साथ वार्ता हुई और इसमें उनकी मांग के अनुरूप लीजबैक प्रकरणों को एसआईटी अध्यक्ष और शासन को भेज दिए गए हैं। उनके स्तर से सुनवाई होगी और किसानों ने इसके बाद धरना भी खत्म कर दिया है।- रवि कुमार एनजी, सीईओ ग्रेनो प्राधिकरण।
चार फीसदी प्लांट का मसला बोर्ड बैठक से पास कराएंगे
ग्रेटर नोएडा। किसान सभा की जिला कमेटी की बैठक ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के साथ हुई। इसमें एसआईटी से संबंधित प्रकरणों को लेकर वार्ता हुई। अब किसान एसआईटी अध्यक्ष डॉ. अरुणवीर सिंह के माध्यम से रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। वहीं, 4 फीसदी और 6 फीसदी के प्लाॅटों में दुकान बनाकर बेचने की अनुमति, सीधी खरीद से प्रभावित एवं 64 फीसदी से वंचित रह गए किसानों का मुआवजा, आबादी प्रकरणों के पहले 10 गांव के प्रस्ताव, समेत अन्य समस्याओं को जल्द ही बोर्ड बैठक में ले जाने का आश्वासन दिया है। किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसान सभा सभी मसलों पर प्राधिकरण के साथ नीतिगत फैसला करवा रही है। इस मौके महासचिव जगबीर नंबरदार, गवरी मुखिया, निरंकार प्रधान, सचिन भाटी, संदीप भाटी, बुधपाल यादव, विजेंद्र नागर व सुरेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। ब्यूरो