दादरी (संवाद)। वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। तहसील दादरी से सब रजिस्ट्रार कार्यालय को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थानांतरण किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं और किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नगर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय का स्थानांतरण रद्द नहीं किया जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। दादरी तहसील स्थित बार एसोसिएशन कार्यालय में बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी अधिवक्ता एवं किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्र हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए तहसील गेट पर पहुंचे। तहसील गेट से जीटी रोड पर मुख्य तिराहा व रेलवे रोड होते हुए तहसील परिसर में पहुंचे। सब रजिस्ट्रार कार्यालय का ग्रेनो वेस्ट में स्थानांतरण किए जाने की विरोध में नारेबाजी की गई। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महिपाल भाटी, राजपाल नागर, बृजपाल भाटी, राजकुमार आर्य, डी एस कौशिक, राजकुमार सिंह, मनोज, भगत आदि उपस्थित रहे।