नोएडा। जिला अस्पताल में जटिल सर्जरी भी आसानी से हो सकेगी। इसके लिए अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी मशीन आ गई है। सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने इस मशीन का लोकार्पण किया। सीएमएस ने बताया कि सीएसआर के तहत यह मशीन दी गई है। सीएमएस ने कहा कि लेप्रोस्कोपिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की एक उपलब्धि है। इस तकनीक के माध्यम से दूरबीन की सहायता से जटिल शल्य क्रियाएं बहुत छोटा चीरा लगाकर की जाती हैं। इससे मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव, संक्रमण की कम संभावना, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ होता है और कम समय में अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाती है। इस कार्यक्रम में डॉ. अरुणा सिंह, डॉ. एचएम लावनिया, सर्जन डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. असद महमूद, नागाशिमा असुषि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।