नोएडा। कोतवाली सेक्टर-126 क्षेत्र के शाहपुर गांव में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में चार किरायेदारों पर मकान मालिक और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, शाहपुर गांव निवासी मलखान सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके यहां केरल के अलग-अलग जिलों के चार युवक किराये पर रहकर मजदूरी करते हैं। मंगलवार रात चारों ने कमरे में शराब पार्टी की। इस दौरान शोर-शराबा होने लगा। आरोप है कि जब मलखान सिंह ने उन्हें शोर कम करने के लिए समझाने का प्रयास किया तो चारों युवक भड़क गए। उन्होंने मकान मालिक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मलखान सिंह के बेटे मन्नू से भी मारपीट की गई। कोतवाली प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।