रेव पार्टियों के राज खोलेगी लाल डायरी, बढ़ेंगी आरोपियों की मुश्किलें
- आरोपी राहुल के घर से बरामद हुई डायरी में दर्ज है सपेरे, ट्रेनर, बुकिंग, पार्टी और पार्टी में शामिल लोगों की जानकारी
- कई और बड़े लोगों के नाम भी शामिल, आरोपियों की दोबारा पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए पुलिस ने लगाई अर्जी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एल्विश मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली के बदरपुर स्थित उसके घर से लाल रंग की डायरी बरामद की है। डायरी में सांप, सपेरे, ट्रेनर, बुकिंग, रेव पार्टी, पार्टी में शामिल लोगों, उनके मोबाइल नंबर और सांपों के जहर से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में कई बड़े लोगों के नाम शामिल हैं। जल्द ही पुलिस ऐसे लोगों पर शिकंजा कस सकती है। उधर मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों से दोबारा पूछताछ के लिए सूरजपुर की फास्ट ट्रैक कोर्ट में एक बार फिर पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए अर्जी दी गई है। इसकी पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने की है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस की ओर से कितने दिनों की रिमांड मांगी गई है।
पुलिस ने डायरी में मिली जानकारी को पुख्ता करने के लिए दो टीमें बनाई हैं। डायरी में कई ऐसे लोगों के मोबाइल नंबर दर्ज हैं, जिनकी इस मामले में संलिप्तता हो सकती है। पुलिस डायरी में लिखे मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि केस के लिए डायरी अहम सबूत बन सकती है। डायरी और उसमें मिले इनपुट के बाद ही पुलिस आयुक्त कार्यालय में मंगलवार को मामले को लेकर बैठक बुलाई गई । इसमें अबतक हुई कार्रवाई की जानकारी शीर्ष अधिकारियों को दी गई। बैठक में डायरी से जुड़े सभी दस्तावेज को अधिकारियों के सामने रखा गया और आगे की रणनीति यहीं तय की गई।हालांकि पुलिस के अधिकारी डायरी के बारे में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
एल्विश और फाजिलपुरिया के मध्यस्थ का मिला ब्यौरा
अधिकारिक सूत्रों का दावा है कि डायरी में एल्विश और फाजिलपुरिया के मध्यस्थ का भी पूरा ब्यौरा दर्ज है। बताया जा रहा है कि मामले में एल्विश और सिंगर फाजिलपुरिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब तक एल्विश का राहुल से कोई सीधा संपर्क नहीं मिला था। लेकिन डायरी में एल्विश के लिए कहां-कहां पार्टी आयोजित की गई इससे जुड़ी सारी जानकारी दर्ज है। इसके अलावा उसके मध्यस्थ का नाम और फोन नंबर भी लिखा है। साथ में पार्टी में कितने सांपों को ले जाया गया और वो किस श्रेणी के थे इसका भी जिक्र किया गया है।
इस बार एल्विश से आमना-सामना करा सकती है पुलिस
54 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड में पुलिस पांचों आरोपियों का एल्विश यादव से सामना नहीं करा पाई थी। डायरी बरामद होने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार पूछताछ के लिए आरोपियों का एल्विश का साथ आमना-सामना कराया जा सकता है। वहीं इस मामले में फाजिलपुरिया का नाम भी सामने आया है। ऐसे में पुलिस फाजिलपुरिया को भी पूछताछ के लिए नोएडा बुलाकर आरोपियों के साथ आमना-सामना करा सकती है।