होटल में नहीं दिया खाना, कोतवाली में किया हंगामा
दनकौर। कस्बे के एक होटल में खाना देने से मना करने पर एक महिला कोतवाली में शिकायत करने पहुंच गई। महिला ने कोतवाली में 20 मिनट तक हंगामा किया। आरोप है कि उसने वहां गालीगलौज भी की। बताया जा रहा है कि वह नशे मेें थी। महिला पुलिसकर्मियों ने समझाबुझाकर उसकी शिकायत ली। वहीं, कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर वह घर लौट गई। महिला ने बताया कि वह कस्बे स्थित एक होटल में खाना खाने गई थी। आरोप है कि संचालक ने खाना देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर महिला और संचालक के बीच गालीगलौज और कहासुनी हुई। कोतवाली आते वक्त रास्ते में मिले 112 नंबर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला से परेशानी जानने का प्रयास किया तो उनसे भी गालीगलौज की। कोतवाली पहुंचकर भी गालीगलौज और हंगामा किया। कोतवाली प्रभारी अनिल पांडेय का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।