नोएडा (संवाद)। सेक्टर-94 में ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन के पास कालिंदी कुंज रोड पर यमुना छठ घाट श्री छठ पूजा सेवा समिति 21 वर्षों से आयोजन कर रही है। तीन से चार लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। घाट पर बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर समिति ने चिंता जताई है। समिति के अध्यक्ष सुजीत केसरी ने बताया कि घाट और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई नहीं हुई है। बिजली, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा और शौचालय का इंतजाम भी नहीं किया गया है। सुरक्षा के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हैं। समिति ने करीब एक महीने पहले प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन को पत्र भेजा था। इसमें इन समस्याओं से अवगत कराया गया था। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सुजीत केसरी के मुताबिक, इतने बड़े आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में व्यवस्थाओं की अनदेखी से परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी घाट की व्यवस्थाएं समिति ही देख रही है। प्राधिकरण की ओर से कोई मदद नहीं मिली है। समिति ने सफाई की व्यवस्था पूरी कर ली है। इसके अलावा टेंट और महिलाओं-बच्चों के लिए भी इंतजाम किए गए हैं।