ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गामा-1 कम्युनिटी सेंटर में बंगिया समाज की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसमें पश्चिम बंगाल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। पूजा के साथ गीत-संगीत और नृत्य समेत अन्य कार्यक्रम होंगे। बच्चों और महिलाओं की भी आयोजन में भागीदारी रहेगी। दुर्गा पूजा समिति के सचिव पिनाकी कंसबानिक ने बताया कि पूजा के आयोजन में बंगाली समाज की परंपराओं को खास महत्व दिया जाता है। कुमारी पूजा इसी परंपरा का अहम हिस्सा है, जिसमें करीब 8-9 साल की बच्ची को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है और उसका सम्मान किया जाता है। आयोजकों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में कुमारी पूजा की यह परंपरा केवल गामा-1 कम्युनिटी सेंटर में होने वाली दुर्गा पूजा में ही निभाई जाती है।