नोएडा। कॉमन एप्टीट्यूड टेस्ट (कैट) का परिणाम घोषित हो चुका है। सेक्टर-121 निवासी क्षितिज उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.83 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। क्षितिज ने नौकरी करते हुए प्रतियोगिता की तैयारी की। स्नातक के बाद उन्होंने पहली बार कैट की परीक्षा दी थी, लेकिन सफल नहीं हो सके थे। दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता पाई। क्षितिज के पिता पीडी उपाध्याय राज्य ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण में वित्त नियंत्रक हैं, जबकि मां रजनी उपाध्याय सोशल ऑडिट निदेशालय लखनऊ में अपर निदेशक के तौर पर कार्यरत हैं। जिनसे उन्हें जीवन में सफल होने की प्रेरणा मिली है। क्षितिज ने डीयू के हंसराज कालेज से अर्थशास्त्र ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परीक्षा के लिए उन्होंने छह माह ऑनलाइन माध्यमों से मदद लेकर तैयारी की। उनकी प्राथमिकता आईआईएम अहमदाबाद, बंगलूरू और कोलकाता है। स्नातक के बाद प्रबंधन में परास्नातक की योजना बना रहे छात्रों को क्षितिज ने व्यावहारिक ज्ञान लेने की सलाह दी। हर साल कैट की परीक्षा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट समेत उच्च प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।