ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर ओमेगा-1 स्थित सैनफोर्ड वर्ल्ड स्कूल में सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्लस्टर बालक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में लगातार बारिश के कारण आउटडोर मैदान गीला होने से मुकाबलों का कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। आयोजकों के सामने अब निर्धारित समय में प्रतियोगिता पूरी कराने की चुनौती है। बारिश के कारण मुकाबले रुकने के बाद मौसम साफ होते ही मैदान को तैयार करने का काम शुरू किया जाता है। इसके बाद खिलाड़ियों को मैदान में उतारा जा रहा है। प्रतियोगिता के कोच जुगनवीर ने बताया कि बारिश रुकने के बाद मैदान की स्थिति का जायजा लेकर मुकाबले कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले प्रस्तावित हैं। हालांकि, इससे पहले बारिश के कारण स्थगित हुए नॉकआउट मुकाबलों को पूरा करना होगा। मौसम ने साथ दिया तो रविवार को सभी मुकाबले पूरे कराकर प्रतियोगिता के विजेता का फैसला किया जाएगा।