ग्रेटर नोएडा (संवाद)। तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गौतमबुद्ध नगर की एथलीट कनिष्का तोंगड़ ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 47.66 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया। 23 से 27 अक्तूबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रतियोगिता हुई। इसमें देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दादरी के मिलक खंडेरा गांव निवासी कनिष्का खेलो दादरी परियोजना के प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास करती हैं। उन्हें कोच सनी यादव भाला फेंक की बारीकियां सिखा रहे हैं।