यमुना सिटी (संवाद)। जेवर के श्रीदाऊजी मंदिर परिसर में चल रहे पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को भी खिलाड़ियों ने मैदान में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में टीमों की संख्या बढ़ने के कारण सोमवार को प्रस्तावित सेमीफाइनल मुकाबले नहीं हो सके। अब प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मंगलवार को होंगे। सोमवार को मुकाबलों के दौरान मैदान के आसपास बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में टीमों की संख्या बढ़ने के कारण मुकाबलों का कार्यक्रम आगे बढ़ाना पड़ा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए पुरस्कार भी तय किए गए हैं। विजेता टीम को 1,01,000 रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं उपविजेता टीम को 71,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।