नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित जेएसएस क्रिकेट मैदान में शनिवार सुबह मिथ्री टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में जेएसएस वेवराइडर्स ने राइजिंग स्टार को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार ने पांच विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएसएस वेवराइडर्स की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। जेएसएस वेवराइडर्स के सूरज ने एक विकेट लेने के साथ नाबाद 71 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं राइजिंग स्टार के प्रशांत ने 77 रन बनाए और उन्हें बेस्ट बैटर का पुरस्कार मिला।