लोगों की राह आसान बनाएगा जर्नी प्लानर मोबाइल ऐप
घर से गंतव्य स्थल तक सार्वजनिक और निजी परिवहन के साधन मुहैया कराएगी एनएमआरसी
प्रश्नों की सूची के साथ यात्रियों के अलावा परिवहन संचालकों से भी बात की जाएगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) लोगों को घर से गंतव्य स्थल तक सार्वजनिक और निजी परिवहन के साधन मुहैया कराएगी। इसके लिए जर्नी प्लानर मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है, हालांकि इसके लिए प्रश्नों की एक सूची बनाकर यात्रियों के अलावा परिवहन संचालकों से भी बात की जाएगी। इसका मकसद लास्ट माइल कनेक्टिविटी की राह की बाधा को खत्म करना है।
एनएमआरसी को नोएडा और ग्रेनो क्षेत्र में इस तरह की गतिविधि को शुरू कराने के लिए नोडल अथॉरिटी बनाया गया है। एनएमआरसी की ओर से कोशिश होगी कि यात्री को घर से निकलकर गंतव्य तक जाने में जितने भी प्रकार के परिवहन के साधन लेने होते होंगे, उनको घर बैठे बुकिंग की सुविधा दिलाई जा सके, ताकि घर से निकलने के बाद परिवहन के साधनों के लिए भटकना न पड़े।
उदाहरण के लिए अगर किसी को सेक्टर-59 से ग्रेनो के बीटा सेक्टर जाना है तो इस ऐप के माध्यम से वह घर से ही ऑटो, रिक्शा, ई-रिक्शा की बुकिंग मेट्रो स्टेशन तक जा सकता है। इसके बाद मेट्रो की बुकिंग ग्रेनो के किसी भी स्टेशन तक के लिए पहले से ही हुई होगी, फिर ग्रेनो में मेट्रो स्टेशन पर उतरने के बाद वहां रिक्शा, बाइक, कैब आदि की बुकिंग भी हो ताकि वहां से उक्त परिवहन के साधन के साथ वह व्यक्ति घर तक पहुंच सके।
एनएमआरसी प्रबंधन यह चाहता है कि एक प्रश्नों की सूची के साथ लोगों के बीच जाएं ताकि यह पता चल सके कि उनको किस प्रकार की सुविधा चाहिए। प्रश्नों की सूची के साथ यह अभियान 25 मई से 24 जून तक चलेगा। प्रश्नों की सूची को भरने वाले पहले 100 लोगों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इन प्रश्नों को एनएमआरसी की वेबसाइट के अलावा स्थानीय अखबारों में भी दिया जाएगा। यह नॉलेज पार्क, परी चौक और सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशनों पर भी उपलब्ध होंगे। लोगों से मिले सुझाव पर एक कमेटी फैसला लेगी।