फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
नोएडा। सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा अपार्टमेंट में चोरों ने फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय पीड़ित परिवार शहर से बाहर गया हुआ था। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित शैलेंद्र सिराड़ी कंचनजंगा अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते हैं। 11 अप्रैल की शाम शहर से बाहर गए थे। अगले दिन लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। चोरों ने अलमारी के लॉकर को निशाना बनाया और उसमें रखे सोने के पेंडेंट, दो अंगूठी, झुमके, टॉप्स, सोने की चेन और 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। ब्यूरो