नोएडा के सेक्टर-66 निवासी कराटे खिलाड़ी जयस्मिता साहू (15) कराटे में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में वह कई पदक जीत चुकी हैं। उसका सपना राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तरीय की कराटे प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतना है। इसके लिए वह रोजाना नोएडा के सेक्टर-31 स्थित डेंजर डोजो अकादमी में कोच रवि कुमार की देखरेख में दो से तीन घंटे तक कराटे के गुर सीखती हैं। पिता चित्तरंजन साहू आईटी सेक्टर में जॉब करते हैं। उनकी मां शांतिलता साहू गृहिणी हैं। उत्तर प्रदेश शितोरियू कराटे एसोसिएशन के महासचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जयस्मिता ने जिला, राज्य और इंटर स्कूल प्रतियोगिता में 15 से 20 स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। वह कोच को ही अपना प्रेरणास्रोत मानती हैं। खिलाड़ी नोएडा के सेक्टर-20 स्थित ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल में कक्षा दस की छात्रा है।